
बोकारो: ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बरतने के बाद अब बोकारो यातायात पुलिस जागरूकता अभियान के जरिए ऑटो और टोटो चालकों को नियमों का पाठ पढ़ा रही है. दो दिनों में 100 से अधिक ऑटो चालकों से करीब 2 लाख 80 हजार रुपये जुर्माना वसूलने के बाद शनिवार को लगभग 350 ऑटो और टोटो चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई.


पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष जागरूकता अभियान में ऑटो-टोटो चालक संघ के पदाधिकारी और सदस्य भी शामिल हुए. अभियान में नया मोड़, जोधाडीह मोड़, धर्मशाला मोड़, बसंती मोड़, हटिया मोड़, बोकारो रेलवे स्टेशन, जैनामोड़, बस स्टैंड, पेटरवार और चंदनकियारी समेत विभिन्न क्षेत्रों के चालक शामिल हुए.
यातायात पुलिस ने चालकों को सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों का पालन करने, वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने तथा सड़क पर अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़ा कर जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं करने की हिदायत दी.
साथ ही स्पष्ट किया गया कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
बैठक के दौरान ऑटो-टोटो चालक संघ के पदाधिकारियों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं से पुलिस को अवगत कराया.
इस पर यातायात पुलिस ने संबंधित विभागों के समक्ष उनकी समस्याओं को उठाने और समाधान का प्रयास करने का.
आश्वासन दिया। वहीं चालकों ने भी यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, नियमों का पालन करने और यात्रियों के साथ बेहतर व्यवहार करने का भरोसा दिलाया.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





