
खूंटी: विश्व हिंदू परिषद- बजरंग दल जिला इकाई की ओर से सेवा सप्ताह के तहत रविवार को बड़ाईक टोली में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में 120 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा जरूरतमंद मरीजों के बीच नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया. ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया.


शिविर का नेतृत्व बजरंग दल के जिला सह संयोजक कर्मवीर महतो ने किया. उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पंजीकरण, मरीजों की व्यवस्था और चिकित्सा टीम के समन्वय की जिम्मेदारी निभाई, जिससे पूरा आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ.
शिविर में केएस गंगा हॉस्पिटल, खूंटी की ओर से डॉ. अनिज नयन, डॉ. मुनमुन, डॉ. अतुल कुमार, डॉ. पवन राम तथा उनकी टीम ने स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श दिया. वहीं एसजीवीएस हॉस्पिटल की ओर से डॉ. अभिषेक मिश्रा, संजय गिल, हेरामणि एवं अन्य सहयोगियों ने भी अपनी सेवाएं प्रदान कीं. एमबीटी ट्रस्ट की ओर से शलेश्वरी देवी, पूनम देवी सहित अन्य सहयोगियों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई.
डॉ. अनिज नयन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर बेहद जरूरी हैं, क्योंकि समय पर जांच से गंभीर बीमारियों का शुरुआती चरण में पता लगाया जा सकता है. वहीं डॉ. अभिषेक मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता समाज के विकास की आधारशिला है और ऐसे शिविर लोगों को उपचार के साथ स्वास्थ्य के प्रति सजग भी बनाते हैं.
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष विनोद जायसवाल ने कहा कि सेवा ही संगठन की पहचान है और संगठन आगे भी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा. जिला उपाध्यक्ष विकास मिश्रा ने चिकित्सकों, सहयोगी संस्थाओं और स्वयंसेवकों के सामूहिक प्रयास की सराहना करते हुए सभी का आभार जताया.
बजरंग दल के जिला सह संयोजक कर्मवीर महतो ने कहा कि सेवा सप्ताह के तहत आयोजित इस शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना था. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, पर्यावरण संरक्षण और अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे.
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला संगठन मंत्री उमेश मांझी, नगर संयोजक अभय साहू, खूंटी ग्रामीण सह संयोजक अभिषेक साहू, श्रीकांत कश्यप, अविनाश मांझी, सूर्यांशु राज, मनोरंजन स्वांसी, आर्यन शर्मा, दीप सिंह, वैभव कुमार सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई.
Edited By Sarita





