
चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड में जिला परिषद मद से स्वीकृत तीन विकास योजनाओं का रविवार को ईचागढ़ विधायक सविता महतो एवं जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण कर शिलान्यास किया. इन योजनाओं पर कुल 20.51 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. इनमें दो डीप बोरिंग सह पाइपलाइन और एक सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य शामिल है.


इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को पेयजल और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि सरकार गांव- गांव तक विकास की योजनाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है. इन योजनाओं के पूरा होने से ग्रामीणों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी और स्वच्छता व्यवस्था भी मजबूत होगी.

शिलान्यास की गई योजनाओं में आसनबनी पंचायत के कांदरबेड़ा सरदार टोला सरकारी स्कूल के पीछे कालीचरण सिंह की जमीन पर 6.50 लाख रुपये की लागत से डीप बोरिंग सह पाइपलाइन निर्माण, चिलगु पंचायत के सालगाड़ीह में संजय कुंभकार के घर के सामने 6.50 लाख रुपये की लागत से डीप बोरिंग सह पाइपलाइन निर्माण तथा रुचाप पंचायत के डैम रोड मार्केट कॉम्प्लेक्स परिसर में 7.51 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक शौचालय, पानी टंकी एवं लाइन मोटर निर्माण कार्य शामिल है.
जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक ने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में पेयजल और स्वच्छता की व्यवस्था और मजबूत होगी. उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और आगे भी जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी.

शिलान्यास कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलु महतो, मुखिया बिदू मुर्मू, मुखिया प्रतिनिधि शत्रुघन सिंह सरदार, आनंद सिंह, शिव चरण रजवाड़, मदन मुर्मू, अशोक दास, बिल्टू राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
Edited By Sarita Mahato





