
जमशेदपुर: आज़ादनगर थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने अड्डाबाजी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार आधी रात को चेपापुल, पारडीह, ओल्ड पुरुलिया रोड, मुर्दा मैदान समेत विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर छापेमारी कर संदिग्ध गतिविधियों की जांच की.


थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ स्थानों पर युवक समूह बनाकर अड्डाबाजी कर रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है और क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है. शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है.

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा. सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ लगाकर माहौल खराब करने या किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने युवाओं से बेवजह सार्वजनिक स्थानों पर जमावड़ा नहीं लगाने और कानून का पालन करने की अपील की है. साथ ही आम नागरिकों से भी सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा गया कि यदि कहीं अड्डाबाजी, असामाजिक गतिविधि या कोई संदिग्ध हरकत दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत आज़ादनगर थाना पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके.

पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना है. आने वाले दिनों में भी थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में नियमित गश्त और विशेष अभियान जारी रहेगा.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





