
सरायकेला: जिले के कुचाई स्थित +2 उच्च विद्यालय एवं आदर्श मध्य विद्यालय में शनिवार को वित्तीय वर्ष 2026- 27 की पहली अभिभावक- शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित की गई. बैठक में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, नियमित उपस्थिति, शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा हुई.


+2 उच्च विद्यालय की बैठक की अध्यक्षता प्रभारी शिक्षक ज्ञान रंजन कुमार तथा आदर्श मध्य विद्यालय की बैठक की अध्यक्षता प्रभारी शिक्षक उत्तम कुमार प्रधान ने की. बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लेकर अपने बच्चों की पढ़ाई, उपस्थिति और विद्यालयी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की.

शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने, समय पर गृहकार्य पूरा कराने और घर में पढ़ाई का बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में विद्यालय और अभिभावकों की समान भागीदारी जरूरी है.

बैठक में नई शिक्षा नीति, निपुण भारत कार्यक्रम, बाल अधिकार एवं कानून, पर्यावरण संरक्षण, लैंगिक समानता, लर्निंग आउटकम, छात्रवृत्ति, मध्याह्न भोजन, स्वच्छता, अनुशासन, परीक्षा परिणाम तथा एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई. अभिभावकों ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण की सराहना करते हुए कई रचनात्मक सुझाव भी दिए.
इस अवसर पर शिक्षकों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का भरोसा दिया. बैठक में शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे.
Edited By Sarita





