
जमशेदपुर: टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी उर्फ टुन्नू चौधरी की पत्नी रेणुका चौधरी उर्फ गुड्डू का शनिवार शाम गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में निधन हो गया. उन्होंने शाम करीब चार बजे अंतिम सांस ली. वे अपने पीछे पति और दो बेटियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं. उनके निधन की खबर मिलते ही टाटा स्टील, टाटा वर्कर्स यूनियन और सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई.


जानकारी के अनुसार, फरवरी माह में रेणुका चौधरी को हार्ट अटैक आने के बाद पहले टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया था. बाद में उन्हें कोलकाता के डॉ. रवींद्रनाथ टैगोर कार्डियक रिसर्च सेंटर ले जाया गया, जहां उनकी ओपन हार्ट सर्जरी हुई. स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर बेहतर इलाज के लिए उन्हें गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल रेफर किया गया, जहां पिछले कई महीनों से उनका इलाज चल रहा था. चिकित्सकों के अनुसार सर्जरी वाले हिस्से में संक्रमण और लगातार लो ब्लड प्रेशर के कारण उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही.
करीब चार महीने तक जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष करने के बाद शनिवार को उन्होंने अंतिम सांस ली. इस कठिन दौर में भी संजीव चौधरी अपनी पत्नी के इलाज के साथ-साथ टाटा स्टील कर्मचारियों के वेज रिवीजन समझौते की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहे.
रेणुका चौधरी के निधन पर जनकल्याण मोर्चा के अध्यक्ष ओमप्रकाश ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की. वहीं आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने भी गहरा शोक जताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को संबल प्रदान करने की कामना की.
Edited By Sarita





