
खूंटी: जिले में अंधविश्वास और डायन- बिसाही की कुप्रथा ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया. सायको थाना क्षेत्र के किताहातु गांव में 75 वर्षीय एतवारी देवी की पीट- पीटकर हत्या कर दी गई. घटना के महज 24 घंटे के भीतर खूंटी पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.


पुलिस के अनुसार, दो जुलाई को अज्ञात अपराधियों ने बांस के डंडों और पत्थर से हमला कर बुजुर्ग महिला की हत्या कर दी थी. मृतका के पुत्र की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया. इसके बाद एसपी ऋषभ गर्ग के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही दिनाय मुंडू और मंगल मुंडू को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने खून से सने दो बांस के डंडे और घटना में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया.
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों को शक था कि बुजुर्ग महिला झाड़-फूंक करती थीं और उनके परिवार में बीमारी व मौतों के लिए वही जिम्मेदार हैं. इसी अंधविश्वास के कारण दोनों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया.
एसपी ऋषभ गर्ग ने लोगों से डायन- बिसाही जैसी कुप्रथाओं से दूर रहने और किसी भी विवाद की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है. उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है.
Edited By Sarita





