
जमशेदपुर: चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में शुक्रवार को एनडीए द्वारा आहूत जमशेदपुर बंद के बीच इस मामले में गंभीर रूप से घायल प्रत्यूष आनंद के पिता चंदन सिंह का एक भावुक फेसबुक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. अपने पोस्ट में उन्होंने वर्षों तक जिस राजनीतिक संगठन को परिवार माना, उसी की खामोशी पर गहरी पीड़ा व्यक्त की है.


चंदन सिंह ने लिखा कि घटना में उनका बेटा प्रत्यूष आनंद गंभीर रूप से घायल हुआ था. आरोप है कि पीसीआर वैन के भीतर और बाहर भी उस पर हमला किया गया. फिलहाल प्रत्यूष का इलाज कोलकाता के अपोलो अस्पताल में चल रहा है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है.
उन्होंने कहा कि इस कठिन दौर में उन्हें उम्मीद थी कि पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी कम-से-कम एक फोन कॉल कर परिवार का हालचाल पूछेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. उन्होंने दुख जताते हुए लिखा कि भाजपा के किसी बड़े नेता या पदाधिकारी ने उनके परिवार की सुध लेना भी जरूरी नहीं समझा.

अपने पोस्ट में चंदन सिंह ने सवाल उठाया कि क्या वर्षों की निष्ठा, समर्पण और संघर्ष की यही कीमत होती है. क्या कार्यकर्ता केवल तब तक अपना होता है, जब तक वह संगठन के लिए काम करता रहे. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी यह पोस्ट किसी राजनीतिक लाभ या विवाद के लिए नहीं, बल्कि एक पीड़ित पिता के टूटे हुए मन की आवाज है.

पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा कि उनकी पहली और सबसे बड़ी प्राथमिकता अपने बेटे प्रत्यूष आनंद का जीवन बचाना है. उन्होंने ईश्वर से उसके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में ही अपनों की असली पहचान होती है. चंदन सिंह की इस भावुक अपील पर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. वैसे उनसे मिलने और उनके पुत्र का हाल जानने राज्य के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता स्वयं कोलकाता पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी. वहीं ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह लगातार उनसे संपर्क बनाए हुए हैं.
Edited By Sarita





