
जामताड़ा: साइबर अपराध के लिए कुख्यात जामताड़ा में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन और 6 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं.


पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सियाटांड़ और लकरटांगा गांव में छापेमारी की. इस दौरान सियाटांड़ से राज कुमार मंडल तथा लकरटांगा से सोनु कुमार मंडल और बंटी कुमार सेन को गिरफ्तार किया गया.
जांच में खुलासा हुआ कि राज कुमार मंडल लोगों के व्हाट्सएप पर RTO E-Challan के नाम से APK फाइल भेजकर उनके मोबाइल का एक्सेस हासिल करता था और ई-वॉलेट के माध्यम से ठगी करता था. वहीं सोनु कुमार मंडल और बंटी कुमार सेन जियो सिम बंद होने का झांसा देकर लोगों से रिचार्ज कराने के नाम पर साइबर ठगी को अंजाम देते थे.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बंटी कुमार सेन के खिलाफ पहले भी साइबर ठगी का मामला दर्ज है और उसके विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल किया जा चुका है. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को अपना शिकार बनाता था.
इस मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 41/26 दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





