
हजारीबाग: पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 70 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की है. पुलिस ने एक ट्रक से 935 कार्टन अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसे कथित तौर पर बिहार ले जाया जा रहा था. कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है.


पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में अवैध शराब की खेप हजारीबाग के रास्ते बिहार भेजी जा रही है. सूचना के आधार पर विशेष टीम ने वाहन जांच अभियान चलाया. जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई. जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई जा रही है.
गिरफ्तार ट्रक चालक से पूछताछ की जा रही है. पुलिस शराब की खेप के स्रोत, गंतव्य और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है. प्रारंभिक जांच में पुलिस को संगठित गिरोह के शामिल होने की आशंका है.
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की पहचान कर उससे जुड़े सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा






