
बोकारो: जिले के गोमिया प्रखंड से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. जगेश्वर विहार थाना क्षेत्र के तिलैया पंचायत अंतर्गत कारीपानी गांव में शराब के नशे में धुत एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपने ही पिता की टांगी से वार कर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई.


मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात 63 वर्षीय जयलाल करमाली ने अपने पुत्र अर्जुन करमाली को पत्नी के साथ मारपीट कर घर से बाहर निकालने का विरोध किया. इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई.
आरोप है कि गुस्से और नशे की हालत में 30 वर्षीय अर्जुन करमाली ने घर में रखी टांगी उठाकर अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने से जयलाल करमाली की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही जगेश्वर विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
थाना पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद का प्रतीत हो रहा है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा






