
सरायकेला: थाना क्षेत्र के छोटा दावना गांव निवासी 20 वर्षीय धनु मार्डी की आसवा नदी में डूबने से मौत हो गई. बुधवार को मछली पकड़ने के लिए घर से निकला युवक दो दिनों तक लापता रहा. शुक्रवार को नदी में उसका शव मिलने के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.


जानकारी के अनुसार, धनु मार्डी बुधवार को मछली पकड़ने के लिए आसवा नदी गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका.
शुक्रवार को ग्रामीणों ने आसवा नदी में एक शव को पानी में तैरते देखा और इसकी सूचना सरायकेला थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान धनु मार्डी के रूप में हुई.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया है. थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नदी में डूबने से मौत का प्रतीत होता है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है.
प्रमोद सिंह
संपादक






