
जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय सुधीर महतो की 70वीं जयंती गुरुवार को पूरे राज्य में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई. मुख्य श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कदमा उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो स्टेडियम में किया गया, जहां कोल्हान के झामुमो विधायक, नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे.


कार्यक्रम में सबसे पहले ईचागढ़ विधायक एवं स्व. सुधीर महतो की धर्मपत्नी सविता महतो, पुत्री स्नेहा महतो और परिवार के अन्य सदस्यों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए. इसके बाद झामुमो नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें याद करते हुए झारखंड के शहीदों के सपनों का राज्य बनाने का संकल्प लिया.
स्नेहा महतो ने कहा कि उनके पिता का सपना आज इस स्टेडियम के माध्यम से साकार हो रहा है, जहां से कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं. वहीं बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने कहा कि स्व. निर्मल महतो के बाद स्व. सुधीर महतो ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के प्रमुख सहयोगी के रूप में झारखंड आंदोलन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी.
इस अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार, पूर्व सांसद सुमन महतो, झामुमो जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, केंद्रीय सदस्य काबलू महतो समेत कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
Edited By Sarita






