इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
सरायकेला: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र फेज-3 स्थित बोल बम पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स से गुजरात काम करने गए एक मजदूर की संदिग्ध मौत के बाद गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ. मृतक मजदूर साजू केसरी का शव गुजरात में फंदे से लटका हुआ मिला था. हालांकि परिजन इसे आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं और पूरे मामले को साजिश तथा संदिग्ध मौत बता रहे हैं.
मृतक मूल रूप से जमशेदपुर के बागबेड़ा का रहनेवाला था. उसका का शव जमशेदपुर पहुंचने के बाद गुरुवार को परिजन और स्थानीय लोग कंपनी गेट पर शव रखकर धरने पर बैठ गए. परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है. उनका कहना है कि साजू केसरी को कंपनी की ओर से गुजरात काम करने भेजा गया था, इसलिए कंपनी प्रबंधन भी अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
मामले की जानकारी मिलते ही झारखंड मुक्ति मोर्चा की आदित्यपुर नगर इकाई ने आंदोलन को समर्थन दिया. झामुमो नेताओं ने स्थानीय प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मृतक परिवार को न्याय दिलाने की मांग की.
झामुमो नेता राजेश लाहा ने कहा कि मजदूर की मौत के बाद कंपनी प्रबंधन का गायब हो जाना बेहद असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदाराना रवैया है. उन्होंने कहा कि जब तक मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा नहीं दिया जाता और मामले की निष्पक्ष जांच शुरू नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और शव नहीं उठाया जाएगा.
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. बड़ी संख्या में मजदूर और स्थानीय लोग कंपनी गेट के बाहर जुटे हुए हैं. खबर लिखे जाने तक धरना- प्रदर्शन जारी था और प्रशासन मामले को शांत कराने का प्रयास कर रहा था. मृतक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई साजिश, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल परिजन न्याय और जवाबदेही की मांग पर अड़े हुए हैं.