
सरायकेला: जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत बाना पंचायत के दो युवाओं ने अग्निवीर बनकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है. छह माह का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर गांव लौटे टांगरानी निवासी रघुनाथ मुर्मू और बाना निवासी अतुल सिंहदेव का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया. गांव पहुंचते ही दोनों युवाओं का फूल- मालाओं, गाजे- बाजे और देशभक्ति गीतों के साथ अभिनंदन किया गया. पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला.


ग्रामीणों ने कहा कि दोनों युवाओं ने न केवल अपने परिवार, बल्कि बाना पंचायत, राजनगर प्रखंड और पूरे सरायकेला- खरसावां जिले का नाम रोशन किया है. स्वागत जुलूस के दौरान देशभक्ति के नारों और गीतों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा.
रघुनाथ मुर्मू की सफलता संघर्ष और मेहनत की मिसाल बनकर उभरी है. साधारण किसान परिवार से आने वाले रघुनाथ ने सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर अग्निवीर में चयन हासिल किया. उनकी उपलब्धि आज क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है.
वहीं अतुल सिंहदेव का परिवार पहले से ही देश सेवा की परंपरा से जुड़ा रहा है. उनके पिता भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, जबकि उनके चाचा वर्तमान में सीआईएसएफ में कार्यरत हैं. परिवार की इसी प्रेरणा ने अतुल को देश सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का हौसला दिया.
इस अवसर पर समाजसेवी माघुराम महतो ने दोनों युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाना पंचायत से दो युवाओं का अग्निवीर बनना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि दोनों की सफलता अन्य युवाओं को भी सेना में भर्ती होकर देश सेवा के लिए प्रेरित करेगी.
स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने दोनों अग्निवीरों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके साहस, अनुशासन और देशभक्ति की भावना की सराहना की.
रिपोर्ट: राबिहारी मंडल






