
जामताड़ा: झारखंड पुलिस मेंस एसोसिएशन चुनाव 2026 के तहत जामताड़ा शाखा में विभिन्न पदों के लिए मंगलवार को उत्साहपूर्ण माहौल में मतदान और मतगणना संपन्न हुई. चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने खुशी जताई.


अध्यक्ष पद के चुनाव में गौतम कुमार झा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अल्फ्रेड मरांडी को 54 मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की. वहीं सचिव पद पर राजन टूडू ने मनोज कुमार को 44 मतों से हराया. उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में मयंक हर्ष ने दीपक यादव को 403 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया.
कोषाध्यक्ष पद पर कुणाल किशोर दास ने कृष्णा मंडल को 97 मतों से मात दी. संयुक्त सचिव पद पर दिलीप मूर्मू ने सल्लाउद्दीन खान को 84 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की.
वहीं केंद्रीय सदस्य पद पर सत्येन्द्र जायसवाल ने मुरली दास को 138 मतों से पराजित किया. अंकेक्षक पद पर जय कुमार देव निर्वाचित घोषित किए गए.
चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद पुलिस कर्मियों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला. नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सहयोगियों ने बधाई दी और संगठन को मजबूत बनाने की उम्मीद जताई.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






