
चांडिल: सिंहभूम कॉलेज सभागार में आगामी 25 जून को संताली भाषा, साहित्य और लोक संस्कृति पर केंद्रित एक दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा. यह कार्यक्रम साहित्य अकादमी, नई दिल्ली एवं जुवान ओनोलिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा. इसमें देशभर के संताली साहित्यकार, शोधकर्ता और युवा रचनाकार भाग लेंगे.


महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील मुर्मू ने बताया कि संगोष्ठी का उद्देश्य संताली भाषा, साहित्य और क्षेत्रीय लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देना है. कार्यक्रम में संताली भाषा के विकास, साहित्यिक योगदान और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार- विमर्श किया जाएगा.
कार्यक्रम में संताली एडवाइजरी बोर्ड के सदस्य श्याम सी. टुडू, साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित नाटककार भोगला सोरेन, लेखक शोभेन्दु शेखर हांसदा तथा रंगमंच कलाकार एवं नाटककार जितराई हांसदा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे.
संगोष्ठी का शुभारंभ सुबह 10 बजे साहित्यिक मंच के साथ होगा. इस सत्र का मुख्य विषय प्रख्यात संताली साहित्यकार रघुनाथ टुडू का जीवन और कृतित्व रहेगा. इसके बाद दोपहर 12 बजे से ‘युवा साहिती’ सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवा संताली रचनाकार अपनी स्वरचित कविताओं और लघु कथाओं का पाठ करेंगे.
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इस राष्ट्रीय संगोष्ठी में शिक्षकों, संताली भाषाप्रेमियों और बड़ी संख्या में छात्र- छात्राओं के शामिल होने की संभावना है.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर






