
जामताड़ा: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को जेबीसी+2 मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था.


विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया. योग प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम, ताड़ासन, वृक्षासन सहित विभिन्न योगासन और ध्यान का अभ्यास किया. कार्यक्रम के दौरान योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी गई.
विद्यालय के प्राचार्य एबी माइल टुडू ने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है. उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि नियमित योग से शरीर स्वस्थ, मन शांत और व्यक्तित्व सशक्त बनता है.
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने नियमित योग करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया. इस अवसर पर खेल शिक्षक डॉ. दयानंद कुमार, शिक्षक उमेश चंद्र मिश्रा, नेपाल चंद्र दत्ता, दिवाकर मंडल, कपिल देव, रवि प्रकाश ठाकुर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल


