चांडिल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा सरायकेला- खरसावां जिले के नीमडीह और चांडिल प्रखंड में विशेष बैठक का आयोजन किया गया. कार्यक्रम नीमडीह के आदारडीह सामुदायिक भवन और चांडिल के बाबू बगान में आयोजित हुआ, जिसमें भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठनात्मक रणनीतियों पर चर्चा की.


बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया.
संजय सेठ ने नीमडीह, कुकड़ू और आसपास के क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों, स्थानीय समस्याओं और संगठन की मजबूती पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्यकर्ताओं को जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा.
बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान पर भी विस्तार से चर्चा हुई. नेताओं ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अद्यतन कार्य में बूथ स्तर पर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया. साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया गया.
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, जिला महामंत्री भूषण मुर्मू, जिला मंत्री रूपेश वर्मा उर्फ पप्पू वर्मा, मधुसूदन गोप, अनीता पाटी, बलराम महतो, मदन सिंह सरदार, चंद्रमोहन दास, खुदी सिंह सरदार, जयंत रजक, विपुल सिंह, सुमन मुखर्जी, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार महतो सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावी तैयारियों, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान को और तेज करने का संदेश दिया गया. नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को घर-घर पहुंचाना ही संगठन की प्राथमिकता होगी.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

