खूंटी: जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. रनिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर करीब 12 लाख रुपये मूल्य की अवैध अफीम के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 328 ग्राम अफीम, तीन मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल भी बरामद की है.


खूंटी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि रनिया थाना क्षेत्र के तांबा गांव के पास कुछ लोग अफीम की खरीद-बिक्री के लिए जमा हुए हैं. सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ तोरपा विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही संदिग्ध लोग भागने लगे, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपियों को खदेड़कर पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नाथ लोमगा, बिरसा बरजो, सुपार कंडायबुरू और गांडु उर्फ संदीप बरजो के रूप में हुई है.
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 2.328 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई. इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं. बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है.
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि पश्चिमी सिंहभूम क्षेत्र में अफीम की खेती कर खूंटी, रांची और आसपास के इलाकों में इसकी सप्लाई की जाती थी. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और कारोबारियों की तलाश में जुट गई है.
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. खूंटी एसपी का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.

