जामताड़ा: आसनसोल मंडल के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन अमानत के तहत एक बार फिर सराहनीय कार्य किया है. अभियान के अंतर्गत खोया हुआ सामान बरामद कर उसके वास्तविक मालिक को सौंपा गया, जिससे यात्री के चेहरे पर मुस्कान लौट आई.


जानकारी के अनुसार 6 जून को आरपीएफ चित्तरंजन को ट्रेन संख्या 15236 में यात्रा कर रहे एक यात्री का काले रंग का बैग छूट जाने की सूचना मिली. बैग में कपड़े और आवश्यक दवाइयां रखी हुई थीं, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 हजार रुपये बताई गई है.
रेल मदद पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर आरपीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैग को सुरक्षित बरामद किया. इसके बाद स्वामित्व की जांच और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर बैग उसके वास्तविक मालिक को वापस सौंप दिया गया.
अपना खोया सामान वापस मिलने पर यात्री ने आरपीएफ का आभार व्यक्त किया और रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता की सराहना की. वहीं आरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के लिए ऑपरेशन अमानत के तहत ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे. आसनसोल मंडल में आरपीएफ की इस पहल से यात्रियों का रेलवे और सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत हुआ है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



