जामताड़ा. नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र के चरकपानी गांव निवासी शाहजहां शेख (करीब 45 वर्ष) की आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक मौत हो गई. घटना रविवार सुबह करीब 11:30 बजे अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के भातुपुर के समीप हुई. हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.


प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहजहां शेख जड़ी-बूटी की दवा बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. रविवार को वह मार्गोमुंडा हटिया में दवा बेचने के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश के साथ वज्रपात शुरू हो गया. बताया जाता है कि भातुपुर के पास वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है.
शाहजहां शेख अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य बताए जा रहे हैं. उनकी असामयिक मृत्यु से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतक के आश्रितों को आपदा राहत योजना के तहत उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



