चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले की कपाली ओपी पुलिस को एक पुराने आपराधिक मामले में बड़ी सफलता मिली है. वर्ष 2022 से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चांडिल (कपाली ओपी) थाना कांड संख्या 189/22, दिनांक 18 अगस्त 2022 के अप्राथमिकी अभियुक्त मो. फिरोज आलम, पिता मो. कलीम, निवासी इस्लामनगर, कपाली को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था.
बताया गया कि यह मामला वर्ष 2022 में वादी जाकिर हुसैन के साथ हुई धक्का-मुक्की, मारपीट और रंगदारी मांगने की घटना से जुड़ा हुआ है. घटना हासाडुंगरी स्थित एक ईंट भट्ठा के समीप हुई थी. शिकायत दर्ज होने के बाद से ही पुलिस मामले की जांच कर रही थी और आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी अभियान चला रही थी.
पुलिस के अनुसार मो. फिरोज आलम करीब चार वर्षों से फरार चल रहा था. कई बार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह हर बार पुलिस को चकमा देने में सफल रहा. हाल ही में मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.
स्थानीय लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी पर संतोष जताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास और मजबूत होगा. वहीं कपाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक



