बोकारो: पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंपकर एक सराहनीय पहल की है. शहर थाना क्षेत्र में लगातार मिल रही मोबाइल गुम होने की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 46 मोबाइल फोन बरामद किए और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को वापस कर दिया.


इस संबंध में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक (सिटी) राजीव रंजन ने बताया कि शहरी क्षेत्र के विभिन्न थानों में मोबाइल गुम होने की लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं. इसके बाद सभी थाना प्रभारियों के संयुक्त प्रयास से विशेष अभियान चलाया गया. तकनीकी अनुसंधान और गहन जांच के आधार पर कुल 46 मोबाइल फोन बरामद किए गए.
बरामद मोबाइलों में आईफोन, वीवो समेत विभिन्न कंपनियों के महंगे स्मार्टफोन भी शामिल हैं. पुलिस ने सभी मोबाइलों का सत्यापन करने के बाद उन्हें उनके असली मालिकों को सौंप दिया. लंबे समय से अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी.
डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि बरामद मोबाइलों में कुछ हाल ही में गुम हुए थे, जबकि कुछ मोबाइल करीब एक वर्ष पहले खो गए थे. उन्होंने कहा कि आज के दौर में मोबाइल फोन केवल संचार का साधन नहीं बल्कि महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंकिंग जानकारी, व्यक्तिगत डेटा और यादों का भी माध्यम है. ऐसे में मोबाइल वापस मिलना लोगों के लिए बेहद राहत की बात है.
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाना को सूचना दें. इसके अलावा केंद्र सरकार के CEIR पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है, जिससे मोबाइल को ट्रैक कर बरामद करने में सहायता मिलती है.
बोकारो पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि गुम और चोरी हुए मोबाइलों की बरामदगी को लेकर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि लोगों को त्वरित राहत मिल सके.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



