जामताड़ा: प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत रविवार को चित्तरंजन स्थित मुख्यालय, आठवीं वाहिनी रेल सुरक्षा विशेष बल (रे.सु.वि.बल) द्वारा ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए फिटनेस, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.


कार्यक्रम का नेतृत्व आठवीं वाहिनी रे.सु.वि.बल के सैन्य सहायक बीरेंद्र सिंह ने किया. उन्होंने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधियां व्यक्ति को स्वस्थ रखने के साथ-साथ अनुशासित और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं. साइकिलिंग न केवल शरीर को फिट रखती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी लोगों को जागरूक करती है.
इस अवसर पर बड़ी संख्या में बल के जवानों और अधिकारियों ने साइकिल रैली में हिस्सा लिया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया. प्रतिभागियों ने फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया.
अधिकारियों ने कहा कि ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ का उद्देश्य देशवासियों को नियमित व्यायाम, खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से स्वस्थ एवं सशक्त बनाना है. इसी लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए रेल सुरक्षा विशेष बल समय-समय पर विभिन्न फिटनेस गतिविधियों का आयोजन करता रहा है.
कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने स्वयं को फिट रखने, नियमित व्यायाम करने और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने का प्रण लिया. कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और प्रतिभागियों ने इसे प्रेरणादायक पहल बताया.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



