कांड्रा: गम्हरिया पावर सबस्टेशन सिस्टम-3 के फीडर संख्या-6 से जुड़े उपभोक्ता इन दिनों लगातार बिजली की अनियमित आपूर्ति से परेशान हैं. क्षेत्र में बार-बार बिजली कटने और घंटों आपूर्ति बाधित रहने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.


स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले कई दिनों से बिजली की आंख-मिचौली जारी है. कई बार घंटों तक बिजली नहीं रहने से घरों में लगे इनवर्टर और बैटरियां भी जवाब देने लगी हैं. भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

उपभोक्ताओं के अनुसार, क्षेत्र के चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर लोग एकत्र होकर बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जता रहे हैं. लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे.
क्षेत्र के कई लोगों ने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर पावर सबस्टेशन का घेराव किया जा सकता है. उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग से फीडर-6 में आ रही तकनीकी या अन्य समस्याओं का शीघ्र समाधान कर नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है.
हालांकि इस संबंध में बिजली विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. क्षेत्रवासी अब विभागीय पहल और समस्या के स्थायी समाधान का इंतजार कर रहे हैं.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय



