जामताड़ा: जिला अंतर्गत नारायणपुर थाना क्षेत्र के भैयाडीह गांव में जमीन विवाद को लेकर भू-माफियाओं के बढ़ते मनोबल का मामला सामने आया है.


भैयाडीह निवासी मानस प्रसाद तिवारी ने आरोप लगाया है कि उनकी खेती योग्य जमीन पर कुछ लोगों द्वारा जबरन घेराबंदी कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है. उन्होंने बताया कि सचिन पाठक, मनोज पाठक (पिता शंकर पाठक) सहित कुछ बाहरी लोग विवादित जमीन पर कब्जा करने की नीयत से निर्माण कार्य करवा रहे हैं.

पीड़ित का कहना है कि असामाजिक तत्वों को बुलाकर दबाव बनाने और भय का माहौल उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा है. इस मामले को लेकर उन्होंने अंचल अधिकारी नारायणपुर, नारायणपुर थाना, जनता दरबार, उपायुक्त जामताड़ा एवं पुलिस अधीक्षक को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है.
मानस प्रसाद तिवारी ने आरोप लगाया कि संबंधित जमीन मामले में न्यायालय द्वारा स्टे ऑर्डर जारी किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी है, जो न्यायालय के आदेश की अवहेलना है. उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आरोपितों का मनोबल बढ़ता जा रहा है.

पीड़ित ने थाना प्रभारी पर भी वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है. परिवार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक आरोपित पक्ष का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका था. प्रशासनिक जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हसन ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है. उन्होंने कहा कि यह जमीन से संबंधित मामला है, इसलिए एसडीओ जामताड़ा को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रतिवेदन भेज दिया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



