जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र में शनिवार को एक ईंट-बालू कारोबारी पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने कारोबारी को धमकाते हुए उनके गले पर चाकू सटा दिया और विरोध करने पर घायल कर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है.


जानकारी के अनुसार टाउन निवासी सुजीत झा ईंट-बालू का कारोबार करते हैं. शनिवार को वह अपने स्टॉक यार्ड पहुंचे थे. इसी दौरान बुलेट बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे. प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार युवकों ने कहा, “बहुत पैसा कमा रहे हो”, जिसके बाद उन्होंने कारोबारी को पकड़ लिया और गले पर चाकू रखकर धमकाने लगे.
जब सुजीत झा ने विरोध किया तो चाकू लगने से वह घायल हो गए. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. घायल कारोबारी ने बताया कि वह दोनों युवकों को नहीं पहचानते हैं और उनका किसी के साथ कोई विवाद भी नहीं था. उन्होंने यह भी कहा कि आरोपियों ने किसी प्रकार की रंगदारी या पैसे की मांग नहीं की.
घटना के बाद सुजीत झा ने टेल्को थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने कहा कि कारोबारियों पर इस तरह के हमले गंभीर चिंता का विषय हैं और इससे व्यापारिक समुदाय में भय का माहौल बन रहा है. उन्होंने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
इधर, टेल्को थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा.



