चांडिल: अनुमंडल के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत बंधुगोड़ा वार्ड संख्या-14 में शनिवार को एक 16 वर्षीय छात्रा की मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था. गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.


मृतका की पहचान हिना प्रवीण के रूप में हुई है. वह शहाबुद्दीन अंसारी की पुत्री थी और हाल ही में कक्षा 8 की परीक्षा उत्तीर्ण कर कक्षा 9 में नामांकन लिया था. परिजनों के अनुसार घटना के समय हिना घर पर ही थी. इसी दौरान उसने घर के अंदर लगे पाइप में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या का प्रयास किया.
कुछ देर बाद जब परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो घर में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे फंदे से नीचे उतारा और इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. माता-पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं.
बताया जाता है कि हिना प्रवीण पढ़ाई में रुचि रखने वाली छात्रा थी. उसकी अचानक हुई मौत ने परिवार और मोहल्ले के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है.
इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद कपाली ओपी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक



