खरसावां: थाना परिसर में शुक्रवार को विदाई सह स्वागत समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में खरसावां के पूर्व थाना प्रभारी एसआई गौरव कुमार को भावभीनी विदाई दी गई, जबकि नवपदस्थापित थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया. गौरव कुमार का स्थानांतरण चौका थाना प्रभारी के रूप में किया गया है.


इस अवसर पर स्थानीय नागरिकों, पुलिस पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने गौरव कुमार के लगभग दो वर्षों के कार्यकाल की सराहना की. उपस्थित लोगों ने उनके कार्यों को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. कार्यक्रम में खरसावां प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रधान माझी विशेष रूप से उपस्थित रहे.
अपने संबोधन में पूर्व थाना प्रभारी गौरव कुमार ने कहा कि प्रभारी के रूप में खरसावां उनका पहला पदस्थापन था, जहां उन्हें कार्य करने का महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुआ. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी वर्गों से उन्हें भरपूर सहयोग मिला, जिसे वे हमेशा याद रखेंगे. उन्होंने खरसावां की जनता, जनप्रतिनिधियों और अपने सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां उन्हें बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला.
वहीं नवपदस्थापित थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करना होगा. उन्होंने भरोसा दिलाया कि थाना परिसर आम लोगों के लिए हमेशा खुला रहेगा और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस तत्पर रहेगी. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा.
बीडीओ प्रधान माझी ने अपने संबोधन में कहा कि खरसावां थाना अपनी बेहतर कार्यशैली और उपलब्धियों के लिए जाना जाता है. उन्होंने कहा कि कई मामलों में इस थाने ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी थाना अपनी बेहतर कार्य संस्कृति और रैंकिंग को बनाए रखेगा. साथ ही उन्होंने एसआई गौरव कुमार को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि चौका थाना क्षेत्र में भी वे अपने उत्कृष्ट कार्यों की छाप छोड़ेंगे.
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं पुलिस अधिकारियों को शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया. मौके पर एसआई प्रकाश कुमार, आलोक दास, मो. दिलदार, पिनाकी रंजन, नयन नायक, धनंजय कर चौधरी, अमित साहू, उमेश बोदरा, अभिलाष ज्योतिषी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे.



