जामताड़ा: जिले के सतसाल स्थित साहिबगंज बाईपास मोड़ के समीप गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई. तेज रफ्तार कंटेनर ने पीछे से ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे चालक वाहन से गिरकर कंटेनर के नीचे आ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रैक्टर चालक का सिर कंटेनर के चक्के के नीचे कुचल गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान उमेश महतो के रूप में हुई है.


हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए. देखते ही देखते सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

दुर्घटना के कारण साहिबगंज बाईपास मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही. सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, जिला नियंत्रण कक्ष की क्यूआरटी टीम तथा अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा फरार कंटेनर चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है.
स्थानीय लोगों ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए प्रशासन से बाईपास मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण, नियमित निगरानी और सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



