जामताड़ा: नगर पंचायत क्षेत्र के दुलाडीह स्थित नये नगर भवन परिसर जाने वाले मार्ग पर लगाई जा रही सोलर लाइटों को बुधवार की रात असामाजिक तत्वों द्वारा पोल समेत उखाड़ दिए जाने का मामला सामने आया है. घटना से नगर पंचायत प्रशासन में नाराजगी है और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर भवन तक आने-जाने वाले नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क किनारे लगभग 10 से 15 सोलर लाइटें स्थापित की जा रही थीं. आरोप है कि देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने इन सोलर लाइटों को पोल समेत उखाड़ दिया. इतना ही नहीं, संबंधित ठेकेदार को भी कार्य नहीं करने देने की धमकी दी गई.
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण कुमार गुप्ता ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता के नेतृत्व में कराए जा रहे विकास कार्य कुछ लोगों को रास नहीं आ रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि नगर भवन मार्ग पर लगाई जा रही करीब 10 से 15 सोलर लाइटों को क्षतिग्रस्त किया गया है तथा ठेकेदार को भी धमकाया गया है. मामले को लेकर शीघ्र ही जामताड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी.
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि बीती रात असामाजिक तत्वों द्वारा सोलर लाइटों को क्षतिग्रस्त किया गया है. मामले की जांच कराई जा रही है. जांच में दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी रोष देखा जा रहा है. लोगों का कहना है कि सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचाना केवल सरकारी संपत्ति की क्षति नहीं है, बल्कि आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ है.
नगर पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में बाधा पहुंचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. प्रशासन की नजर पूरे मामले पर है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



