बोकारो: जिले के राधानगर पंचायत के समीप लावाटांड़ क्षेत्र में गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक से तीन युवकों के शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना बोकारो रेलवे स्टेशन से करीब नौ किलोमीटर दूर की बताई जा रही है.


घटना की सूचना मिलने के बाद जीआरपी बोकारो की टीम मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से भी पूछताछ की.
मृतकों में से एक युवक की पहचान घटनास्थल से मिले आधार कार्ड के आधार पर बबलू सोरेन के रूप में हुई है. वह गोमिया प्रखंड के मडवाडीह, टीकाहारा, बरकी पुनु गांव निवासी सूरजलाल सोरेन का पुत्र बताया गया है. वहीं दूसरे युवक की पहचान दीपक सोरेन के रूप में होने की बात सामने आई है. तीसरे युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.
पुलिस को घटनास्थल के पास से एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिसे जांच के दायरे में रखा गया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों युवक ट्रेन की चपेट में आए हैं, हालांकि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है.
जीआरपी पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. साथ ही अन्य मृतक की पहचान सुनिश्चित करने और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



