गिरिडीह: जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत छछंदो पंचायत के तिरिलटांड़ गांव में मंगलवार देर रात हुई दंपति की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है. अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर 35 वर्षीय पतिया हांसदा की मौके पर ही हत्या कर दी, जबकि उनकी पत्नी परनी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. इलाज के दौरान धनबाद के अस्पताल में उन्होंने भी दम तोड़ दिया.


घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन कर रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.
घटना की जानकारी मिलने पर डुमरी विधायक जयराम महतो और झामुमो नेता राजू महतो तिरिलटांड़ गांव पहुंचे. दोनों नेताओं ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
मौके पर विधायक जयराम महतो ने घटना को अमानवीय और शर्मनाक बताते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. उन्होंने कहा कि गांव में सड़क की समस्या की जानकारी उन्हें पहले नहीं थी, लेकिन दौरे के दौरान स्थिति देखने के बाद संबंधित विभाग और अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का निर्देश दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा.



