गढ़वा: जिले के धुरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत भंडार गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. घर के समीप स्थित कुएं से शव बरामद होने के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है.


मृतका की पहचान भंडार गांव निवासी नंदलाल साह की पत्नी शांति देवी के रूप में हुई है. सूचना मिलने पर धुरकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया गया.
परिजनों के अनुसार शांति देवी की शादी इसी वर्ष 14 मार्च को पूरे रीति-रिवाज के साथ हुई थी. शादी में उनकी क्षमता के अनुसार सभी आवश्यक सामान और उपहार दिए गए थे. आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा पांच लाख रुपये नकद और एक बोलेरो वाहन की मांग की जाने लगी. मांग पूरी नहीं होने पर शांति को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था.
मृतका के गले पर रस्सी के निशान पाए गए हैं. इसके अलावा शरीर के विभिन्न हिस्सों पर भी चोट के निशान मिले हैं. ऐसे में परिजन इसे आत्महत्या नहीं बल्कि दहेज हत्या का मामला बता रहे हैं.
पुलिस के अनुसार घटना के बाद ससुराल पक्ष के कई सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं, जिससे संदेह और गहरा गया है. पुलिस फरार लोगों की तलाश कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



