जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय में आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आकाशवाणी जमशेदपुर और पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विशेष आशु भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के 20 विद्यार्थियों ने भाग लिया और “भारत के विकास में आकाशवाणी की भूमिका” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए.


प्रतिभागियों ने आकाशवाणी द्वारा सूचना प्रसार, शिक्षा, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य जागरूकता, कृषि, सांस्कृतिक संरक्षण और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में निभाई गई भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला. कार्यक्रम में आकाशवाणी जमशेदपुर के कार्यक्रम प्रमुख राजेश कुमार राय, कार्यक्रम अधिशासी राकेश रमन और विवेक आदित्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि आकाशवाणी केवल प्रसारण माध्यम नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक चेतना की मजबूत आवाज रही है. विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह और कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार पानी ने भी आकाशवाणी की 90 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण बताया.
प्रतियोगिता में अंग्रेजी विभाग की अदिना फातिमा ने प्रथम, विधि विभाग के प्रतीक झा ने द्वितीय तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की लक्ष्मी सतपति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. कार्यक्रम का समापन विजेताओं को सम्मानित करने और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.



