रांची: लालपुर थाना क्षेत्र स्थित हरिभाविनी अपार्टमेंट में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चोरी का मास्टरमाइंड पीड़िता का मौसेरा देवर ही निकला, जिसे घर की देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई थी.


जानकारी के अनुसार, पीड़िता पटना जाने से पहले अपने मौसेरे देवर हर्ष कुमार सिंह उर्फ आयुष को घर की चाबी देकर गई थीं. 31 मई को लौटने पर उन्होंने देखा कि अलमारी खुली हुई है और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी गायब हैं. इसके बाद लालपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई.
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मामले का खुलासा किया. पुलिस के अनुसार हर्ष कुमार सिंह ने अपनी गर्लफ्रेंड लाईबा याश्मीन उर्फ निधि और अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की पूरी साजिश रची थी. आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी छेड़छाड़ की थी.
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हर्ष कुमार सिंह, लाईबा याश्मीन उर्फ निधि, सिद्धांत सुमन, धनंजय कुमार वर्मा उर्फ धनंजय सोनी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उनकी निशानदेही पर डायमंड रिंग, मंगलसूत्र, प्लेटिनम ज्वेलरी, नकदी, कई मोबाइल फोन, ज्वेलर्स का रसीद पैड और चोरी के पैसों से खरीदी गई महिंद्रा XUV 500 बरामद की गई.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह चोरी पूरी तरह सुनियोजित थी और भरोसे का फायदा उठाकर अंजाम दी गई थी. हालांकि तकनीकी जांच और त्वरित कार्रवाई के चलते पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है.



