बोकारो: पुलिस ने अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर रविवार रात जिलेभर में विशेष समकालीन अभियान चलाया. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों ने 18 थाना और ओपी क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर कुल 28 वारंटियों को गिरफ्तार किया. सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.


इस अभियान की सबसे बड़ी सफलता वर्ष 2024 के आर्म्स एक्ट मामले में फरार चल रहे स्थायी वारंटी शंभु कुमार की गिरफ्तारी रही. चास थाना क्षेत्र के बंशीडीह निवासी शंभु कुमार लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था. लगातार फरारी के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
पुलिस अभियान के दौरान बीएस सिटी थाना, माराफारी थाना और पेटरवार थाना क्षेत्र से तीन- तीन वारंटियों को गिरफ्तार किया गया. वहीं हरला, जरीडीह, चतरोचट्टी और चंद्रपुरा थाना क्षेत्रों से दो- दो आरोपित पकड़े गए. इसके अलावा चास, पिंड्राजोरा, चिराचास, चंदनकियारी, बालीडीह, गोमिया, नावाडीह, भोजुडीह ओपी, बरमसिया ओपी और अमलाबाद ओपी क्षेत्रों से भी वारंटियों की गिरफ्तारी की गई.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा. कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाए जाएंगे.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



