रांची: रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने ऑपरेशन NARCOS के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 61 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. इस कार्रवाई में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 30.50 लाख रुपये आंकी गई है.


जानकारी के अनुसार 30 मई 2026 को आरपीएफ फ्लाइंग टीम रांची, आरपीएफ पोस्ट रांची और आरपीएफ अपराध शाखा की संयुक्त टीम रांची रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान ट्रेन संख्या 18309 संबलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस के बी-3 कोच में तीन संदिग्ध युवक चार ट्रॉली बैग और तीन पिट्ठू बैग के साथ पाए गए.
पूछताछ के दौरान युवकों ने बैगों में गांजा होने की बात स्वीकार की. इसके बाद ट्रेन के रवाना होने पर तीनों संदिग्धों को सामान सहित नामकुम रेलवे स्टेशन पर उतारकर विधिसम्मत जांच की गई.
जांच में बिहार के बक्सर जिले के निवासी आयुष सिंह (22), प्रिंस कुमार (21) और अंकित पाठक (19) के कब्जे से कुल 61 पैकेट गांजा, जिसका कुल वजन 61 किलोग्राम था, बरामद किया गया. साथ ही तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए.
सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ रांची प्रताप सिंह नेगी के निर्देशन में डीडी किट से परीक्षण करने पर बरामद पदार्थ गांजा पाया गया. इसके बाद गांजा और अन्य सामग्री को जब्त कर तीनों आरोपियों को लिखित प्राथमिकी के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया.
इस सफल कार्रवाई में इंस्पेक्टर शिशुपाल कुमार, इंस्पेक्टर लालबहादुर, एएसआई योगेंद्र कुमार, एएसआई अनिल कुमार, एएसआई अभिषेक कुमार, ए.जे. अंसारी, आर.के. सिंह, हेमंत और छोटे कुमार सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



