सरायकेला: जिले में तंबाकू निषेध एवं नियंत्रण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित यह रथ अगले एक माह तक जिले के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगा.


उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक है. इसके कारण कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियां और कई अन्य जानलेवा रोग उत्पन्न होते हैं. उन्होंने लोगों से तंबाकू और तंबाकू उत्पादों के सेवन से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की.
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में जनजागरूकता कार्यक्रम, जनसंवाद, प्रचार-प्रसार गतिविधियां और सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी.
उपायुक्त ने कहा कि तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है. उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और बच्चों को तंबाकू की लत से बचाने तथा परिवार और समाज को जागरूक करने का आह्वान किया.
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े पदाधिकारी एवं कर्मी, एनडीसी तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



