चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत गुलकेड़ा पंचायत में पूर्व उप मुखिया संजय बोयपाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.


जानकारी के अनुसार, 44 वर्षीय संजय बोयपाई गुईगांव के निवासी थे और खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. वह गुलकेड़ा पंचायत के उप मुखिया रह चुके थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी सामाजिक पहचान थी. उनके परिवार में पत्नी मरियम बोयपाई, पुत्र आकाश बोयपाई और पुत्री शीतल बोयपाई हैं.
बताया गया कि रविवार रात भोजन करने के बाद संजय बोयपाई अपने घर में सो रहे थे. इसी दौरान देर रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच दो से तीन मोटरसाइकिलों पर सवार अज्ञात अपराधी उनके घर पहुंचे. अपराधियों ने घर में घुसकर सो रहे संजय बोयपाई को निशाना बनाया और उनकी कनपटी पर गोली मार दी.
गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है.
हत्या के पीछे के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है. हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



