देवघर: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर देवघर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं और सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी है.

उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया एवं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने अन्य अधिकारियों के साथ शनिवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया गया.
अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पेयजल सुविधा, स्वच्छता व्यवस्था, चिकित्सा सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की. इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए.
निरीक्षण के दौरान यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि श्रावणी मेला के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े. प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है.
देवघर प्रशासन का लक्ष्य है कि श्रावणी मेला 2026 में देश- विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए. इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है.
उल्लेखनीय है कि श्रावणी मेला झारखंड का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन माना जाता है, जिसमें हर वर्ष लाखों कांवरिया और श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए देवघर पहुंचते हैं. ऐसे में प्रशासन इस बार भी मेला को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियों में जुटा हुआ है.



