जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया. जहां जदुडीह गांव के समीप स्कॉर्पियो और ट्रक की आमने- सामने हुई जोरदार टक्कर में स्कॉर्पियो सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में सवार चार लोग मुरली पहाड़ी से सहरपुर लौट रहे थे. इसी दौरान नारायणपुर से गिरिडीह की ओर जा रहे एक ट्रक से जदुडीह गांव के पास उनकी सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा- तफरी का माहौल बन गया.
दुर्घटना में घायल युवकों की पहचान संग्रामडीह निवासी सद्दाम हुसैन, सहरपुर निवासी 24 वर्षीय वसीम भट्ट और 25 वर्षीय आशिक हुसैन के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सभी युवक मुरली पहाड़ी से नाश्ता कर अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया.
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. ग्रामीणों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, नारायणपुर पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया.
सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है. प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर कर दिया है. स्थानीय लोगों ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में यातायात सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



