कांड्रा : सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत बुरूडीह पंचायत में अवैध देशी शराब निर्माण के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार सुबह चलाए गए छापेमारी अभियान में पुलिस ने अवैध शराब निर्माण केंद्र को ध्वस्त करते हुए भारी मात्रा में जावा महुआ और शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री नष्ट कर दी.

जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू के नेतृत्व में शनिवार सुबह लगभग 5:30 बजे से 6:00 बजे के बीच बुरूडीह पंचायत स्थित नदी किनारे नया घाट एवं नई पुलिया के समीप औचक छापेमारी की गई.

छापेमारी के दौरान थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू, एसआई राम दयाल उरांव तथा सशस्त्र बल के जवानों ने अवैध रूप से संचालित देशी शराब निर्माण केंद्र का भंडाफोड़ किया. पुलिस ने मौके से करीब 250 किलोग्राम जावा महुआ बरामद कर नष्ट कर दिया. साथ ही देशी शराब बनाने में उपयोग की जा रही दो अवैध भट्टियों को भी ध्वस्त कर दिया गया.
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब निर्माण और कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



