सरायकेला: जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है. उपायुक्त और उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत खरसावां थाना क्षेत्र के ग्राम रीडिंग टोला, कातीदिरी में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की गई.

आसूचना संकलन के आधार पर गुरुवार को जिला उत्पाद विभाग की टीम ने इलाके में छापेमारी अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान कुल तीन अवैध महुआ चुलाई अड्डों को ध्वस्त कर दिया गया.
छापेमारी के दौरान करीब 1100 किलोग्राम जावा महुआ और 40 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की गई. बरामद सभी अवैध उत्पादों को विभाग द्वारा विधिसम्मत तरीके से जब्त कर लिया गया है.
उत्पाद विभाग की ओर से बताया गया कि मामले में संबंधित चुलाई अड्डा संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार और सख्ती के साथ जारी रहेगा. प्रशासन ने लोगों से भी अवैध शराब कारोबार की सूचना देने की अपील की है.



