सरायकेला: मॉडेल महाविद्यालय खरसावां के नवनिर्मित एवं सुसज्जित सभागार में बुधवार को कॉलेज के प्रथम दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बिनय कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में संपन्न हुआ. समारोह में भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि डॉ. मीरा मुंडा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं.

कार्यक्रम की शुरुआत छात्र- छात्राओं द्वारा स्थानीय “हो” भाषा में प्रस्तुत स्वागत गान से हुई. इसके बाद कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलगीत के गायन और दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया. प्राचार्य डॉ. बिनय कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और पौधा भेंट कर स्वागत किया.

अपने संबोधन में डॉ. मीरा मुंडा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि एक शोधार्थी के रूप में उन्होंने हाल ही में कोल्हान विश्वविद्यालय से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है, इसलिए विद्यार्थियों को डिग्री लेते देख उन्हें विशेष भावनात्मक जुड़ाव महसूस हो रहा है. उन्होंने छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने और उच्च मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया.
जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवनभर चलने वाली सतत प्रक्रिया है. उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखते रहने का संदेश दिया.
मुख्य अतिथि अर्जुन मुंडा ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड प्राकृतिक और खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है, लेकिन किसी भी राज्य का वास्तविक विकास वहां के लोगों की बौद्धिक क्षमता से होता है. उन्होंने कहा कि स्कूल और महाविद्यालय ही राज्य को बौद्धिक संपदा से समृद्ध बनाते हैं और मॉडेल महाविद्यालय जैसी संस्थाएं इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं.
उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की अपील करते हुए कहा कि वे उन युवाओं को दोबारा शिक्षा से जोड़ने का प्रयास करें, जिन्होंने किसी कारणवश पढ़ाई छोड़ दी है. अपने संबोधन के दौरान अर्जुन मुंडा भावुक भी नजर आए. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने इस महाविद्यालय की आधारशिला रखी थी और आज इसी संस्थान के प्रथम उपाधि वितरण समारोह में शामिल होना उनके लिए गर्व और संतोष का विषय है.
समारोह के दौरान सत्र 2019- 2022, 2020- 2023 एवं 2021- 2024 के छात्र- छात्राओं को स्नातक की डिग्रियां प्रदान की गईं. कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक प्राध्यापक नंद किशोर प्रसाद, अमित कुमार नाथ, डॉ. वैष्णव चरण मुखी सहित शिक्षकेतर कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
अंत में प्राचार्य डॉ. बिनय कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, प्रशासन, पुलिस बल, पत्रकारों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया. राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ.



