जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र स्थित नगर परिषद बाजार के यूनिक कलेक्शन कपड़ा दुकान में हुई फायरिंग मामले में पूर्वी सिंहभूम पुलिस को एक और कामयाबी मिली है. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुगसलाई के पांडेय मुहल्ला निवासी सन्नी सिंह उर्फ सन्नी सिंह सरदार और टेल्को मनीफीट आदर्शनगर निवासी सागर उपाध्याय के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार दोनों ने पूछताछ में खुद को मनीष सिंह गिरोह का सदस्य बताया है और घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
पुलिस ने सन्नी सिंह की निशानदेही पर एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं. गौरतलब है कि 15 मई 2026 को पांच अपराधी मरून रंग की वैगनआर कार से यूनिक कलेक्शन दुकान पहुंचे थे और रंगदारी नहीं देने तथा इलाके में वर्चस्व कायम करने के उद्देश्य से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था. मामले में जुगसलाई थाना कांड संख्या 39/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
इससे पहले पुलिस अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भामराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलू, बानेश्वर नामता उर्फ मानस और अंकित खटिक उर्फ अंकित सोनकर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. पुलिस घटना में प्रयुक्त मरून रंग की वैगनआर कार, चार देशी पिस्टल, खोखा, जिंदा गोलियां और अन्य सामान भी बरामद कर चुकी है. पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और लगातार छापेमारी की जा रही है.



