आदित्यपुर: कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) द्वारा 40 वर्ष से अधिक आयु के बीमाकृत श्रमिकों (IPs) के लिए चलाए जा रहे निःशुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम के तहत सोमवार को क्षेत्रीय कार्यालय रांची से क्षेत्रीय निदेशक शिवेन्द्र कुमार एवं सहायक निदेशक विनय कुमार जायसवाल ने ESIC अस्पताल आदित्यपुर का दौरा किया.

दौरे के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल में बीमाकृत व्यक्तियों के स्वास्थ्य जांच कार्यों का निरीक्षण किया और यह सुनिश्चित किया कि सभी पात्र श्रमिकों का समुचित स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है.

निरीक्षण के बाद क्षेत्रीय निदेशक शिवेन्द्र कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीके सिंह एवं सहायक निदेशक विनय कुमार जायसवाल ने टाटा स्टील, जमशेदपुर का भी दौरा किया. इस दौरान उन्होंने टाटा स्टील के कर्मचारियों और विभिन्न वेंडरों को संबोधित करते हुए ESIC से मिलने वाले लाभों तथा 40 वर्ष से अधिक आयु के कर्मचारियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व की जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि समय पर स्वास्थ्य जांच से गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान और रोकथाम संभव है. साथ ही नियोजकों से अपील की गई कि वे अपने पात्र कर्मचारियों को इस योजना का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित करें.
इस अवसर पर शाखा प्रबंधक आदित्यपुर संजय कुमार, शाखा प्रबंधक गोलमुरी सचित कुमार, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी रंजीत कुमार बरनवाल, रविशंकर एवं राजीव कुमार भी मौजूद रहे. उल्लेखनीय है कि ESIC द्वारा श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण और जागरूकता को लेकर इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं.



