जामताड़ा: पुलिस परिवार के लिए रविवार की शाम भावनाओं और सम्मान से भरी रही. जिले में पांच डीएसपी अधिकारियों के स्थानांतरण और चार नए डीएसपी अधिकारियों के आगमन पर स्वागत सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह, उपायुक्त आलोक कुमार, न्यायिक पदाधिकारी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.

समारोह में स्थानांतरित डीएसपी अधिकारी विकास आनंद लगोरी, मनोज कुमार, देवेंद्र कुमार वर्मा, संजय कुमार सिंह और चंद्रशेखर को भावभीनी विदाई दी गई. वक्ताओं ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि सभी अधिकारियों ने बेहतर पुलिसिंग, अनुशासन और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार से अपनी अलग पहचान बनाई.
वहीं नव पदस्थापित डीएसपी वसीम रज़ा, अमित रविदास, नीलम कुजूर और किशोर तिर्की का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह देकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया.
मौके पर एसपी शंभू कुमार सिंह ने कहा कि स्थानांतरित अधिकारियों ने जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उन्होंने विश्वास जताया कि नए अधिकारी भी अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन करेंगे.
समारोह के दौरान विदा हो रहे अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे माहौल भावुक हो गया. कार्यक्रम तालियों, सम्मान और आत्मीयता के बीच संपन्न हुआ.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



