सरायकेला: पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष मोबाइल खोज अभियान के तहत सरायकेला पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. शनिवार को सरायकेला थाना पुलिस ने अभियान के दौरान गुम हुए कुल 08 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया. मोबाइल वापस मिलने पर लाभुकों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी.

कई लोगों ने अपने मोबाइल के वापस मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी, लेकिन सरायकेला पुलिस ने तकनीक और सक्रियता के माध्यम से असंभव को संभव कर दिखाया. यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में लगातार चलाया जा रहा है, जिसके तहत गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की लगातार खोजबीन की जा रही है.
इसी क्रम में सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने केंद्रीय उपकरण पहचान पंजीकरण प्रणाली यानी सीईआईआर की सहायता से विभिन्न स्थानों से मोबाइल फोन बरामद किए. बरामद सभी मोबाइलों का विधिवत सत्यापन करने के बाद उन्हें सुरक्षित रूप से उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया.
मोबाइल प्राप्त करने पहुंचे लोगों ने सरायकेला पुलिस की कार्यशैली की सराहना की. उन्होंने कहा कि आज के समय में मोबाइल केवल संचार का साधन नहीं रह गया है, बल्कि यह बैंकिंग, शिक्षा, दस्तावेज और दैनिक जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है. ऐसे में मोबाइल खो जाने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. पुलिस की इस पहल से लोगों का भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में लोग तुरंत थाना में आवेदन दें, ताकि तकनीकी सहायता के माध्यम से शीघ्र कार्रवाई की जा सके. उन्होंने कहा कि सरायकेला पुलिस आम जनता की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है.
उन्होंने यह भी कहा कि यह विशेष अभियान जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और आने वाले समय में इसे और अधिक प्रभावी तरीके से चलाया जाएगा.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



